राजनांदगांव–खैरागढ़ रोड चौड़ीकरण में अव्यवस्था, धूल और हादसों से लोग परेशान

राजनांदगांव-राजनांदगांव से खैरागढ़ मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। निर्माण कार्य के दौरान बड़ी संख्या में इमारती एवं पुराने पेड़ों की कटाई किए जाने के साथ ही सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे सड़क पर अत्यधिक धूल उड़ रही है। धूल के कारण वाहन चालकों को सामने का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि सफर करना जोखिम भरा हो गया है। जानकारी के अनुसार, इसी मार्ग पर कई शासकीय कर्मचारी दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और कुछ लोग अब भी उपचार या अवकाश पर हैं।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान बड़ी संख्या में इमारती पेड़ों की कटाई को लेकर पर्यावरण संरक्षण के सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पानी छिड़काव और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।स्थानीय नागरिकों ने कटे हुए पेड़ों के बदले वृक्षारोपण कराने तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है।फिलहाल सड़क निर्माण कार्य लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा परेशानी और खतरे का कारण बनता नजर आ रहा है।




