हर्राटोला में दिन-रात चल रहा अवैध मुरुम खनन, प्रशासन मौन
गैंदाटोला-कुमर्दा मार्ग पर जेसीबी और हाइवा से धड़ल्ले से हो रही खुदाई, ग्रामीणों में आक्रोश

राजनांदगांव(छुरिया)-गैंदाटोला-कुमर्दा मार्ग स्थित हर्राटोला क्षेत्र में कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध मुरुम खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में दिन और रात लगातार जेसीबी मशीनों एवं हाइवा वाहनों के माध्यम से मुरुम की खुदाई और परिवहन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र में मुरुम खनन का कार्य जारी है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और मशीनों की आवाज से आसपास के लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि बिना अनुमति बड़े पैमाने पर मुरुम निकाला जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व हानि होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
रात में बढ़ जाती है गतिविधियां
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय खनन गतिविधियां और तेज हो जाती हैं। जेसीबी मशीनों से खुदाई कर हाइवा वाहनों में मुरुम भरकर बाहर भेजा जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शासकीय छुट्टियों एवं रात के समय विभागीय निगरानी कमजोर होने का फायदा उठाया जा रहा है।
सड़क और पर्यावरण पर असर
ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क खराब हो रही है और धूल के कारण राहगीरों एवं आसपास के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार खुदाई से पर्यावरण एवं भूमि संतुलन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
कार्यवाही की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं खनिज विभाग से मामले की जांच कर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अब देखना होगा कि प्रशासन एवं खनिज विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।



