
02 जून 2026, मंगलवार का दिन दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से यादगार रहा। राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष Raman Singh के करकमलों से एक ही स्थान पर लगभग 300 से अधिक दिव्यांग भाई-बहनों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान उन दिव्यांगजनों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए समाज में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, सांसद, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में ऋषि मिश्रा (स्पेशल डी.एड. आईडीडी एवं समाजसेवी) को दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। ऋषि मिश्रा विगत 20 वर्षों से अधिक समय से दिव्यांगजनों को शासकीय एवं गैर-शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, पैरा स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने, पल्स पोलियो अभियान में सहयोग, जनजागरूकता रैलियों के आयोजन तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
उनकी निरंतर सेवा, समर्पण एवं समाजहित में किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें “सर्वोत्तम सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना का प्रतीक है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने ऋषि मिश्रा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, सेवा और प्रेरणा का उत्कृष्ट उदाहरण है।



