
धमतरी-छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 491 किलोग्राम गांजा, एक स्विफ्ट कार, एक पिकअप वाहन तथा 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अर्जुनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 QA 3116 एवं पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QH 0834 में भारी मात्रा में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और चारामा से धमतरी मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-30 पर श्यामतराई वन विभाग जांच नाका के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहनों से अलग-अलग पैकेटों में रखा गांजा बरामद किया गया, जिसे मौके पर जब्त कर लिया गया। मामले में पुलिस ने नौशाद खान (29 वर्ष) निवासी उत्तरप्रदेश वर्तमान निवास जगदलपुर, करण पिता मनोज कुमार (22 वर्ष) निवासी बोरिया रायपुर, मोहम्मद शादिक पिता यूनुस खान (30 वर्ष) निवासी गोकुलनगर टिकरापारा रायपुर तथा हिमांशु पिता भोजराम साहू (20 वर्ष) निवासी पचमढ़ी नाका रायपुर सहित एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों द्वारा जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर एवं अन्य स्थानों में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
गौरतलब है कि जिले के अंतिम छोर एवं वनांचल क्षेत्र सिहावा में लगातार गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही थी, लेकिन बीते चार वर्षों में यह सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक मानी जा रही है।




